Uncategorizedचंडीगढ़पंजाबराज्य

पंचकमल घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, कई नेता हिरासत में

पंचकूला। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को पंचकूला स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय ‘पंचकमल’ के घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पंचकूला विधायक चौधरी चंद्रमोहन सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने पहले से ही मुख्यालय के आसपास भारी बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की थी। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोके जाने पर कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस बसों में बैठाया।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन

कांग्रेस ने यह प्रदर्शन छात्रों से जुड़े मुद्दों, कथित लाठीचार्ज और पेपर लीक मामलों के विरोध में आयोजित किया था। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हरियाणा के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि सरकार छात्रों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में विफल रही है।

भाजपा मुख्यालय के आसपास कड़ी सुरक्षा

प्रदर्शन को देखते हुए ‘पंचकमल’ मुख्यालय और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी अलर्ट पर रखा गया। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए। प्रदर्शन के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button