Uncategorizedचंडीगढ़पंजाबराज्य

कांग्रेस को एक और झटका, पार्षद गुरमीत सिंह मुंडिया ने छोड़ी पार्टी

लुधियाना। नगर निगम चुनावों के बाद लुधियाना में कांग्रेस को लगातार राजनीतिक झटके लग रहे हैं। कई निर्वाचित पार्षदों के आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने के बाद अब वार्ड नंबर-24 से कांग्रेस पार्षद गुरमीत सिंह मुंडिया ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस फैसले से स्थानीय राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

गुरमीत सिंह मुंडिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपने इस्तीफे की घोषणा की। हाल ही में वह जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी के एक मामले में दर्ज पुलिस केस को लेकर भी चर्चा में रहे थे। ऐसे समय में उनका इस्तीफा सामने आने से उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

साहनेवाल क्षेत्र से जुड़े गुरमीत सिंह मुंडिया के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि वह जल्द ही आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक न तो मुंडिया और न ही आम आदमी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा की गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नगर निगम चुनावों के बाद कांग्रेस पार्षदों के लगातार इस्तीफों और दल-बदल की घटनाओं से नगर निगम में पार्टी की स्थिति कमजोर होती जा रही है। अब सभी की नजर गुरमीत सिंह मुंडिया के अगले राजनीतिक फैसले पर टिकी हुई है, क्योंकि उनका अगला कदम लुधियाना की स्थानीय राजनीति पर असर डाल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button