Uncategorizedदेशपंजाबराज्य

सीमावर्ती गुरदासपुर में भारी बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा, ग्रामीणों में चिंता

गुरदासपुर। जिले के सीमावर्ती दोरांगला क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे कई गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे ग्रामीणों में पिछले वर्ष जैसी बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है। निचले इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव के इंतजाम करने की मांग उठने लगी है।

जानकारी के अनुसार, सीमा से सटे आदी, चौंतरा और सलाच सहित कई गांवों में नोमणी नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। वहीं रावी और उज्ज नदियों में भी पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों के हालात गंभीर होते जा रहे हैं। कई स्थानों पर पानी सड़कों तक पहुंच गया है, जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव आदी में भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित बीएसएफ की कुछ चौकियों तक जाने वाले मार्ग भी जलमग्न हो गए हैं। इससे सीमा पर तैनात जवानों और अधिकारियों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के बाद नहरों और नोमणी नालों की समय पर सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण इस बार बारिश का पानी तेजी से जमा हो रहा है और निकासी बाधित हो रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीमावर्ती गांवों का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था की जाए और संभावित बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button